बॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) ने मुंबई में अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी है। सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) के आत्महत्या करने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है लेकिन उनके इस कदम ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को चौंका दिया है। मुंबई पुलिस जांच के लिए उनके घर पहुंची है। उनके नौकर ने पुलिस को फोन करके इसकी जानकारी दी है। पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, वे पिछले छह महीनों से डिप्रेशन से गुजर रहे थे।
Bollywood Actor Sushant Singh Rajput commits suicide at his residence in Mumbai pic.twitter.com/Z6l5BzrmE5
— ANI (@ANI) June 14, 2020
बता दें कि कुछ दिनों पहले ही उनकी एक्स मैनेजर दिशा सालियान ने आत्महत्या की थी। सुशांत ने अपनी इंस्टा स्टोरी में दिशा को लेकर लिखा था, ‘ये बहुत दुखद खबर है। दिशा के परिवार और दोस्तों को मेरी सांत्वना। ईश्वर तुम्हारी आत्मा को शांति दे।
सुशांत का जन्म बिहार के पटना में 21 जनवरी, 1986 को हुआ था। वो बिहार के ही पूर्णिया जिले के रहने वाले थे। उनकी प्रोफेशनल लाइफ की बात करें तो उन्होंने सबसे पहले ‘किस देश में है मेरा दिल’ नाम के धारावाहिक में काम किया था पर उन्हें पहचान एकता कपूर के धारावाहिक पवित्र रिश्ता से मिली। उन्होंने अपना बॉलीवुड डेब्यू फिल्म ‘काय पो छे’ से किया था। इस फिल्म के बाद उन्होंने ‘शुद्ध देसी रोमांस’ में वाणी कपूर और परिणीति चोपड़ा के साथ काम किया था।
हालांकि उन्होंने सबसे ज्यादा चर्चा भारतीय टीम के पूर्व कप्तान एम एस धोनी का किरदार निभा कर बटोरी थी। नीरज पांडे द्वारा निर्देशित एम एस धोनी की बायोपिक सुशांत के करियर की पहली फिल्म थी जिसने सौ करोड़ का कलेक्शन किया था। उनकी अगली फिल्म ‘चंदा मामा दूर के’ रिलीज होने वाली थी, लेकिन शूटिंग बजट के अभाव में रोक दी गई थी।