कोरोना वायरस के कारण देश में लगे लॉकडाउन के बीच कई बॉलीवुड स्टार्स घर पर कई गतिविधियों करने में लगे हुए हैं। इनमे से जहाँ श्रद्धा कपूर और आलिया भट्ट जैसे सितारे घर पर किताब पढ़ रहे हैं। जिम बंद होने के चलते कई बॉलीवुड स्टार्स वर्कआउट के लिए बाहर नहीं निकल पा रहे हैं वही जैकलीन फर्नांडीज, कटरीना कैफ और करीना कपूर खान जैसे स्टार्स घर पर ही वर्कआउट कर अपनी फिटनेस पर ध्यान दे रहे हैं।
इसी बीच लॉकडाउन के बीच करीना के फैन पेज पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह वर्कआउट करती नजर आ रही हैं. इस वीडियो में करीना कपूर बिना किसी रुकावट के फुल एनर्जी के साथ सूर्य नमस्कार करती दिखाई दे रही हैं। फैंस के बीच उनका ये वीडियो काफी ट्रेंड हो रहा है। हालाँकि एक्ट्रेस का यह वीडियो अभी का नहीं है, लेकिन इसमें करीना का अंदाज किसी को भी फिट रहने के लिए आसानी से प्रेरित कर सकता है। खास बात तो यह है कि वीडियो को अब तक करीब 10 लाख से भी ज्यादा बार देखा जा चुका है।
बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब सोशल मीडिया पर करीना कपूर का वीडियो इस अंदाज में वायरल हुआ हो। इससे पहले भी लॉकडाउन में करीना का एक और वीडियो सामने आया था, जिसमें वह अपनी दोस्त अमृता अरोड़ा के साथ सीढ़ियों पर एक्सरसाइज करती नजर आई थीं।
वर्क फ्रंट की बात करें तो करीना कपूर जल्द ही आमिर खान के साथ उनकी फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ में नजर आने वाली हैं। आमिर के साथ उनकी यह फिल्म क्रिसमस के मौके पर रिलीज होने वाली है। इसके अलावा वह करण जौहर के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट तख्त में भी काम कर रही हैं। इस पीरियड ड्रामा फिल्म में करीना के अलावा विकी कौशल, जाह्नवी कपूर, आलिया भट्ट, अनिल कपूर, रणवीर सिंह और भूमि पेडनेकर जैसे सितारे नजर आएंगे। हाल ही में वह मशहूर एक्टर इरफान खान और दीपक डोबरियाल जैसे सितारे के साथ फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम’ में भी अहम भूमिका में नजर आई थीं।