बॉलीवुड में चार दशक से भी ज्यादा लंबी पारी खेलने वालीं डांसिंग दीवा सरोज खान 71 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कह चली गई हैं। कार्डियक अरेस्ट के कारण सरोज खान का मुंबई में रात करीब 1.52 बजे निधन हो गया। उनके निधन से फैंस के साथ-साथ बॉलीवुड कलाकारों को भी झटका लगा है। हर कोई इस महान कोरियोग्राफर को श्रद्धांजलि दे रहा है। अब सरोज खान की जिंदगी में सबसे अजीज और महत्वपूर्ण माने जाने वालीं एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित ने भी उनके निधन पर रिएक्ट किया है।
सरोज खान को लेकर हाल ही में माधुरी दीक्षित (Madhuri Dixit) ने पोस्ट शेयर की है, साथ ही उन्होंने मास्टर जी के निधन पर शोक भी जताया है। माधुरी दीक्षित ने अपनी पोस्ट में लिखा, “मैं टूट चुकी हूं और आज शब्दों की भी कमी है। सरोज जी शुरू से ही मेरी यात्रा का हिस्सा रही हैं। उन्होंने मुझे बहुत कुछ सिखाया, न केवल डांस बल्कि उससे भी कहीं ज्यादा। इस बड़ी व्यक्तिगत क्षति को सोचकर मेरे दिमागों में उनसे जुड़ी यादें आ रही हैं। उनके परिवार को मेरी हार्दिक संवेदनाएं।” बता दें कि सरोज खान ने माधुरी दीक्षित के धक धक करने लगा, डोला रे डोला, एक दो तीन, चने के खेत में, तबाह हो गए और कई गानों को कोरियोग्राफ किया था। एक अवॉर्ड फंक्शन के दौरान माधुरी दीक्षित ने उन्हें ट्रिब्यूट भी दिया था।
I’m devastated by the loss of my friend and guru, Saroj Khan. Will always be grateful for her work in helping me reach my full potential in dance. The world has lost an amazingly talented person. I will miss you💔 My sincere condolences to the family. #RIPSarojji
— Madhuri Dixit Nene (@MadhuriDixit) July 3, 2020
सरोज खान का निधन माधुरी दीक्षित के लिए किसी सदमे से कम नहीं है। माधुरी ने सरोज खान संग इतने बेहतरीन गानों पर काम किया है कि दोनों की जोड़ी को सुपरहिट माना जाता है। ऐसे में अब माधुरी को महसूस हो रहा है कि उन्होंने अपनी दोस्त और गुरु को हमेशा के लिए खो दिया है।
सरोज खान (Saroj Khan) के करियर की बात करें तो उन्होंने करीब 2000 से ज्यादा गानों में कोरियोग्राफी की है। अपने काम के लिए सरोज खान को 3 बार नेशनल अवॉर्ड से भी नवाजा चुका है। इसके साथ ही सरोज खान ने कई मशहूर गानों पर हमेशा याद रहने वाली कोरियोग्राफी की है। सरोज खान ने आखिरी बार फिल्म कलंक के तबाह हो गए गाने को कोरियोग्राफ किया था, जिसमें माधुरी दीक्षित नजर आई थीं।