कोरोनावायरस (Coronavirus) के कहर के बीच बॉलीवुड से भी लगातार बुरी खबर सामने आ रही हैं। बॉलीवुड की दुनिया से एक और दुखद खबर मिली है। बॉलीवुड की मशहूर संगीतकार जोड़ी साजिद-वाजिद के वाजिद खान का रविवार की रात को लम्बी बीमारी के बाद निधन हो गया है। साजिद और वाजिद की जोड़ी फिल्म इंडस्ट्री में काफी मशहूर थी। उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। फिल्म इंडस्ट्री में साजिद-वाजिद की जोड़ी के रूप में मशहूर वाजिद खान को लेकर हस्तियों से लेकर उनके समर्थक तक शोक जाहिर कर रहे हैं।
अमिताभ बच्चन, प्रियंका चोपड़ा, राहत फतेह अली खान, वरुण धवन, शंकर महादेवन, सोनू निगम संग अन्य ने वाजिद के जाने पर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए शोक जताया है। वाजिद ने 1998 में सलमान खान अभिनीत फिल्म ‘प्यार किया तो डरना क्या’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। वे अपने भाई साजिद खान के साथ मिलकर म्यूजिक कंपोज किया करते थे। वाजिद खान, सलमान खान के करीबी थे। उन्होंने सलमान खान की कई फिल्मों के गाने कंपोज किए थे। वर्कफ्रंट पर वाजिद खान ने आखिरी म्यूजिक कंपोजिशन अपने चहेते सलमान खान के लिए ही की थी।
ईद के मौके पर रिलीज हुआ, समाज में भाईचारे का संदेश देता सलमान का गाना भाई भाई साजिद और वाजिद की जोड़ी ने मिलकर कंपोज किया था। इस गाने को सलमान ने अपने पनवेल स्थित फार्महाउस पर शूट किया था। म्यूजिक डायरेक्टर साजिद-वाजिद की जोड़ी ने सलमान खान की कई फिल्मों का म्यूजिक दिया। लेकिन अब ये सुपरहिट जोड़ी टूट गई है। वाजिद खान और सलमान की शानदार बॉन्डिंग थी।